स्थानीय अधिकारियों को जांच से अलग रखकर जिला स्तर के अधिकारियों से जांच कराने की मांग, पीड़ित परिवार और बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी जताई चिंता
सूरजपुर। जिले के ग्राम कुबेरपुर निवासी स्वर्गीय चंद्रावती जायसवाल और उनके पति स्वर्गीय संजय जायसवाल की मौत का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। दोनों की मौत को लेकर जायसवाल समाज ने गंभीर चिंता जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच की मांग की है। इस संबंध में जायसवाल समाज के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार जायसवाल के नेतृत्व में समाज के प्रतिनिधिमंडल ने 17 नवंबर को पुलिस अधीक्षक सूरजपुर के नाम ज्ञापन सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि ग्राम कुबेरपुर निवासी चंद्रावती जायसवाल की सड़क दुर्घटना में मृत्यु के बाद उनके पति संजय जायसवाल की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। लगातार हुई इन दो घटनाओं ने परिवार के साथ-साथ समाज के लोगों को भी चिंतित कर दिया है। समाज ने पूरे घटनाक्रम को गंभीर और संवेदनशील बताते हुए दोनों मौतों से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच कराने की मांग की है।
जायसवाल समाज ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि चंद्रावती और संजय जायसवाल की मौत से जुड़े सभी तथ्यों, परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों की बारीकी से जांच की जाए। विशेष रूप से संजय जायसवाल की मौत के कारणों तथा मृत्यु से पूर्व किन लोगों द्वारा उन्हें मानसिक प्रताड़ना दिए जाने की बात सामने आई है, इसकी भी गहन पड़ताल की जाए। समाज ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में किसी व्यक्ति की संलिप्तता या आपराधिक भूमिका सामने आती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन में एक महत्वपूर्ण मांग यह भी रखी गई है कि जांच स्थानीय अधिकारियों के प्रभाव से मुक्त रखते हुए जिला स्तर के अधिकारियों से निष्पक्ष तरीके से कराई जाए, ताकि किसी प्रकार के दबाव या पक्षपात की आशंका न रहे। इसके अलावा पीड़ित परिवार, विशेषकर बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा और भविष्य को ध्यान में रखते हुए आवश्यक प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
समाज ने जांच की प्रगति और अब तक की गई कार्रवाई से पीड़ित परिवार तथा समाज द्वारा नामित प्रतिनिधि को अवगत कराने की भी मांग रखी है। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि समाज का उद्देश्य किसी निर्दोष व्यक्ति को परेशान करना नहीं, बल्कि सच्चाई सामने लाकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना है।
जायसवाल समाज ने पुलिस प्रशासन से मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने और दोनों मौतों के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा करने की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस ज्ञापन पर क्या कदम उठाता है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है।
इस दौरान रितेश जायसवाल, महेश जायसवाल, मिथलेश जायसवाल, नीरज गुप्ता, राकेश जायसवाल, संदीप गुप्ता, मौजूद रहे।



















