*देवकी नंदन झेरिया यादव समाज की प्रथम प्रदेश स्तरीय बैठक संपन्न*

ब्रेकिंग न्यूज़ :

*देवकी नंदन झेरिया यादव समाज की प्रथम प्रदेश स्तरीय बैठक संपन्न*

 


0*संगठन विस्तार, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक एकता पर लिया गया महत्वपूर्ण निर्णय*





बसंत यादव डांडगांव। देवकी नंदन झेरिया यादव समाज के प्रदेश स्तर पर पंजीयन होने के उपरांत प्रथम प्रदेश स्तरीय बैठक रविवार को जांजगीर में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, मुंगेली, बलौदाबाजार, रायगढ़, कोरबा, सक्ती तथा जांजगीर-चांपा सहित विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में समाज के भाई-बहन उपस्थित हुए।


कार्यक्रम का शुभारंभ आराध्य भगवान श्रीकृष्ण के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात सभी आगंतुकों का तिलक, चंदन एवं गुलाल लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। बैठक में समाज के विकास, संगठन विस्तार तथा सामाजिक एकजुटता को लेकर व्यापक चर्चा एवं विचार-विमर्श हुआ।


बैठक में समाज को संगठित एवं सशक्त बनाने के लिए मातृशक्ति को बढ़ावा देने, शिक्षा के क्षेत्र में जागरूकता फैलाने, नशापान पर रोक लगाने तथा समाज में आपसी भाईचारा एवं समन्वय स्थापित करने का संकल्प लिया गया। साथ ही ऐसे युवक-युवतियों एवं परिवारों को संगठन से जोड़ने का निर्णय लिया गया जो अब तक किसी सामाजिक मंच से नहीं जुड़े हैं, ताकि उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाकर समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर मिल सके।


महिला एवं युवा प्रकोष्ठ को सौंपी गई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां


प्रदेश स्तर पर संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न पदाधिकारियों एवं क्षेत्रीय प्रभारियों की नियुक्ति की गई। महिला प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी श्रीमती सुनीता यादव (बिलासपुर) को सौंपी गई। संभाग बिलासपुर परिक्षेत्र के लिए भूतपूर्व सरपंच सुश्री विजयलक्ष्मी यादव (धोरामुंडा), सुश्री अंजू यादव एवं श्रीमती इंद्रा देवी यादव को जिम्मेदारी प्रदान की गई। सक्ती क्षेत्र की जिम्मेदारी श्रीमती पुष्पा यादव तथा कोरबा परिक्षेत्र की जिम्मेदारी श्रीमती उषा यादव को दी गई।


बलौदाबाजार, पलारी, कसडोल, लवन एवं कटगी क्षेत्र की जिम्मेदारी अधिवक्ता दूजे राम यादव को सौंपी गई। वहीं सक्ती-डभरा परिक्षेत्र की जिम्मेदारी बी.पी. यादव एवं डॉ. डी.टी. यादव को प्रदान की गई। युवा प्रकोष्ठ में पीयूष यादव, पंकज यादव एवं अजय यादव को बिलासपुर संभाग परिक्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई।


जन्माष्टमी पर्व धूमधाम से मनाने का आह्वान


बैठक के संयोजक सुधीर यादव ने संगठन के प्रदेश स्तरीय कार्यालय को बिलासपुर में संचालित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को संगठन के माध्यम से प्रदेशभर में भव्य एवं उत्साहपूर्ण ढंग से मनाने का आह्वान किया।


बैठक में उपस्थित सभी जिला प्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन विस्तार, सामाजिक जागरूकता एवं समाजहित के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन समाज की एकता, संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक उत्थान के संकल्प के साथ हुआ।


"
"