बसंत यादव डांड गाँव। विकासखंड उदयपुर, जिला सरगुजा में पदस्थ लगभग 45 नव-नियुक्त शिक्षकों ने अपनी आगामी सितंबर 2026 में पूर्ण होने वाली तीन वर्षीय परिवीक्षा अवधि को देखते हुए स्थायीकरण की प्रशासनिक प्रक्रिया समय रहते प्रारंभ किए जाने की मांग की है।
इस संबंध में सभी शिक्षकों की ओर से विकासखंड शिक्षा अधिकारी मृत्युंजय पांडे को सामूहिक आवेदन सौंपा गया। आवेदन में अनुरोध किया गया है कि परिवीक्षा अवधि समाप्त होने से पूर्व ही विभागीय मूल्यांकन, गोपनीय प्रतिवेदन (CR/ACR), सेवा सत्यापन एवं अन्य आवश्यक औपचारिकताएं प्रारंभ कर दी जाएं, ताकि परिवीक्षा अवधि पूर्ण होते ही नियमानुसार स्थायीकरण आदेश जारी किए जा सकें और अनावश्यक प्रशासनिक विलंब से बचा जा सके।
शिक्षकों का कहना है कि समय पर प्रक्रिया प्रारंभ होने से न केवल विभागीय कार्य में सुगमता आएगी, बल्कि पात्र शिक्षकों को नियमानुसार स्थायीकरण का लाभ भी समय पर मिल सकेगा। उन्होंने प्रशासन से इस संबंध में सकारात्मक पहल करने की अपेक्षा व्यक्त की है।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी मृत्युंजय पांडे को दिए गए आवेदन में शिक्षकों ने विश्वास जताया है कि विभाग इस विषय पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ाएगा।



















