0*पूर्व महापौर की अध्यक्षता में हुई बैठक, लिये गए निर्णय*
चिरमिरी। कोयलांचल चिरमिरी सहित नव गठित जिला मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर में शतरंज खेल के विकास एवं खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से अंचल के वरिष्ठ खिलाड़ी विश्वनाथ मनियम (बिच्छू भैया) के विशेष उपस्थिति एवं पूर्व महापौर के. डोमरू रेड्डी की अध्यक्षता में विगत दिनों चिरमिरी के हल्दीबाड़ी स्थित होटल मातृछाया में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक शहर के पूर्व वरिष्ठ खिलाड़ियों के मार्गदर्शन एवं सहयोग से आयोजित की गई, जिसमें नगर के खेलप्रेमी नागरिकों एवं शतरंज खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बैठक में सर्व-सम्मति से एम.सी.बी. जिला शतरंज संघ के गठन कर, गतिविधियों को बढ़ाने का निर्णय लिया गया। नव - गठित संघ का मुख्य उद्देश्य जिले के सभी क्षेत्रों से सक्रिय एवं शतरंज के जानकारों को सम्मिलित करते हुए, सबकी सहभागिता से जिले एवं क्षेत्र के प्रतिभावान शतरंज खिलाड़ियों को उचित मंच प्रदान करना, नियमित प्रशिक्षण शिविर आयोजित करना तथा समय - समय पर शतरंज प्रतियोगिताओं का आयोजन करना रहेगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि शीघ्र ही नगर स्तर पर एक ओपन शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन कर उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं हेतु तैयार किया जाएगा।
उपस्थित सदस्यों में वरिष्ठ खिलाड़ी मंतोष गांगुली एवं अमित विश्वास ने विश्वास व्यक्त किया कि इस पहल से चिरमिरी सहित जिले में शतरंज खेल को नई दिशा मिलेगी। सदस्यों ने कहा कि शतरंज केवल एक खेल नहीं, बल्कि धैर्य, रणनीति और मानसिक विकास का सशक्त माध्यम है। लंबे समय से जिले में संगठित स्तर पर शतरंज गतिविधियों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे अब मूर्त रूप दिया गया है। प्रतियोगिता के माध्यम से उत्कृष्ट खिलाड़ियों को आगे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अवसर दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उपस्थित सदस्यों ने यह भी विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल चिरमिरी में शतरंज के सुनहरे भविष्य की नींव सिद्ध होगी। आयोजन समिति ने अभिभावकों, युवाओं एवं खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर इस अभियान को सफल बनाएं तथा युवाओं में बौद्धिक खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी। आयोजन समिति ने जिले के सभी शतरंज प्रेमियों एवं इच्छुक खिलाड़ियों से इस पहल में सक्रिय सहभागिता की अपील की है।
बैठक में शतरंज को लेकर सम्भाग स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने वाले विश्वनाथ मनियम के साथ - साथ चिरमिरी के पूर्व महापौर के. डोमरू रेड्डी, पूर्व सभापति श्रीमती गायत्री बिरहा, मंतोष गांगुली, अमित विश्वास, राणा दास, पार्षद राहुल भाई पटेल, श्रीमती नीता डे, रवि बिरहा, प्रदीप प्रजापति, विश्वजीत दासगुप्ता, शुभम सालूजा, इसरार मोहम्मद, राजा रोहिदास आदि उपस्थित रहे।



















