* आपातकाल व विपरीत परिस्थितियों में भी सिद्धांतों और न्याय के लिए लड़ी लड़ाई: पूर्व विधायक देवेश्वर सिंह, पी.आर. कश्यप
* जन्मेजय पाण्डेय के नेतृत्व में विधि प्रकोष्ठ हुआ सशक्त, विधिक सहायता शिविर की प्रदेश भर में चर्चा: भरत सिंह सिसोदिया
* अंतिम व्यक्ति तक निशुल्क न्याय पहुँचाने पूरी ऊर्जा से कार्य करेगा विधि प्रकोष्ठ: जन्मेजय पाण्डेय
* वरिष्ठ अधिवक्ताओं को शॉल, श्रीफल एवं पुष्प गुच्छ भेंट कर किया गया सम्मानित
अंबिकापुर। भारतीय जनता पार्टी विधि प्रकोष्ठ, जिला सरगुजा के तत्वावधान में आज 'संकल्प भवन' (भाजपा जिला कार्यालय), अंबिकापुर में विधि प्रकोष्ठ का परिचयात्मक सम्मेलन तथा वरिष्ठ अधिवक्ताओं का सम्मान समारोह गरिमामयी माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा भारत माता, पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर किया गया।
सम्मेलन के प्रथम सत्र में विधि प्रकोष्ठ के नवनियुक्त एवं सक्रिय अधिवक्ता साथियों का परस्पर परिचयात्मक सत्र आयोजित हुआ, जिसमें संगठन की मजबूती और विधिक माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में न्याय जगत में दीर्घकालिक एवं उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व विधायक देवेश्वर सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता पी.आर. कश्यप, लखन कश्यप, एस.के. पाण्डेय एवं एन.पी. सिंह को शॉल, श्रीफल एवं पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय नागरिक अभिनंदन व सम्मान किया गया।
समारोह में अपने संस्मरण साझा करते हुए पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ अधिवक्ता देवेश्वर सिंह ने कहा कि आपातकाल के काले दौर और घोर प्रतिकूल परिस्थितियों में, जब हम विपक्ष में थे, तब हालात ऐसे थे कि कोई खुलकर साथ खड़ा होने की हिम्मत भी नहीं जुटा पाता था। चारों तरफ भय और दबाव का माहौल था, लेकिन उन संघर्षपूर्ण दिनों में भी हमने बिना डरे सिद्धांतों और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कानूनी व वैचारिक लड़ाई लड़ी। आज विधि प्रकोष्ठ की इतनी विशाल टीम को देखकर गर्व की अनुभूति होती है कि उस दौर में बोए गए संघर्ष के बीज आज वटवृक्ष बन चुके हैं।
वहीं वरिष्ठ अधिवक्ता पी.आर. कश्यप ने आपातकाल के दिनों का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौर में न्यायपालिका और संविधान की मर्यादा को बचाए रखना एक भीषण अग्निपरीक्षा थी। जब साधन सीमित थे और कोई साथ देने वाला नहीं था, तब अधिवक्ताओं ने अकेले दम पर सड़कों से लेकर न्यायालयों तक अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद रखी। उन्होंने युवा अधिवक्ताओं का आह्वान किया कि वे उस दौर के त्याग और तपस्या से प्रेरणा लें तथा किसी भी परिस्थिति में सत्य, निष्ठा और शोषितों को न्याय दिलाने के पथ से पीछे न हटें।
समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह सिसोदिया ने कहा कि आज से पहले जितने भी विधि प्रकोष्ठ के पदाधिकारी बने, उनकी संख्या उंगलियों पर गिनी जाती थी; लेकिन आज जिला संयोजक जन्मेजय पाण्डेय के नेतृत्व में भाजपा विधि प्रकोष्ठ सरगुजा की इतनी विशाल व सशक्त टीम बनी है, जिसमें प्रदेश कार्यसमिति सहित सारे जिला पदाधिकारी और वरिष्ठ अधिवक्ताओं की उपस्थिति अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने रेखांकित किया कि भाजपा विधि प्रकोष्ठ सरगुजा द्वारा हर दूसरे और तीसरे शनिवार को भाजपा कार्यालय (संकल्प भवन) में ही जो विधिक सहायता शिविर लगाया जाता है, उसकी गूंज और सराहना पूरे प्रदेश भर में हो रही है।
कार्यक्रम में अध्यक्षीय उद्बोधन देते हुए विधि प्रकोष्ठ के जिला संयोजक जन्मेजय पाण्डेय ने मंचासीन अतिथियों, वरिष्ठ अधिवक्ताओं और सभी अधिवक्ता साथियों के प्रति धन्यवाद व आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिवक्ताओं का अनुभव व आशीर्वाद ही संगठन की वास्तविक पूँजी है। विधि प्रकोष्ठ पूरी ऊर्जा और निष्ठा के साथ विधिक क्षेत्र में आमजन व असहायों को सहायता प्रदान करने के लिए निरंतर तत्पर है। श्री पाण्डेय ने संकल्प भवन में प्रति माह के दूसरे और तीसरे शनिवार को नियमित आयोजित होने वाले विधिक सहायता शिविर का उल्लेख करते हुए विश्वास दिलाया कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक निशुल्क न्याय और कानूनी संरक्षण पहुँचाने के साथ-साथ अधिवक्ताओं के मान-सम्मान व हितों की रक्षा के लिए विधि प्रकोष्ठ सदैव अग्रणी भूमिका निभाएगा।
समारोह को सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो, नगर पालिक निगम अंबिकापुर की महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, जिला पंचायत सरगुजा की अध्यक्ष श्रीमती निरूपा सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, विद्यानंद मिश्रा एवं धनंजय मिश्रा ने भी संबोधित किया तथा विधि प्रकोष्ठ के सेवाकार्यों व सक्रियता की मुक्तकंठ से सराहना की।
कार्यक्रम का सफल एवं गरिमामयी संचालन विधि प्रकोष्ठ के सह-संयोजक सम्पूर्णान्क गुप्ता द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर आभार प्रदर्शन करते हुए अधिवक्ता पीयूष कुमार त्रिपाठी ने कहा कि यहाँ उपस्थित पार्टी के वरिष्ठ जन तथा आज जो विशाल वटवृक्ष दिखाई दे रहा है, उसकी नींव को स्थापित करने वाले एवं इस वटवृक्ष का बीज रोपने वाले वरिष्ठ अधिवक्ताओं के मुख से विधि प्रकोष्ठ की प्रशंसा सुनना हम सभी के लिए अत्यंत गौरव और आत्मसंतुष्टि की अनुभूति कराता है। उन्होंने मंच पर उपस्थित समस्त वरिष्ठ अधिवक्ताओं, पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व तथा सभागार में उपस्थित सभी अधिवक्ता बंधुओं के प्रति हृदयतल से आभार ज्ञापित किया।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री विनोद हर्ष, श्रीमती अरुणा सिंह, मधुसूदन शुक्ला, विधि प्रकोष्ठ के जिला संयोजक जन्मेजय पाण्डेय, गौरांग सिंह, अशोक दुबे, विवेक सिंह, विनोद दुबे, सुदामा यादव, नितेश चंद्र शुक्ला, शैलेंद्र सिंह, उदय सिन्हा, मिथिलेश पाण्डेय, संजीव सेठ, श्याम लाल गुप्ता, अरविंद कन्नौजिया, राजेंद्र पैकरा, श्रीमती आशा तिवारी, अमरेंद्र गुप्ता, नीलम केशरवानी, संदीप तिवारी, ज्योति मंडल, साक्षी सिंह, अपूर्व विश्वकर्मा, श्रीमती मालती गुप्ता, नीलिमा टोप्पो, निशांत सिन्हा, कन्हैया साहू, सुरेंद्र साहू, सुनील गुप्ता, सुरेंद्र पाण्डेय, विवेक पाण्डेय, हिमांशु गुंजन, केशव वर्मा, अनिल सिंह, डी.के. प्रसाद, मनीष सिंह, राजू गुप्ता, सोनू सोनी, आशुतोष शुक्ला, प्रभाकर सेठी, प्रीतम साहू, दिनेश प्रसाद साहू, महिपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।




















