* गंगा दशहरा पर्व पर दुलही तालाब में हुआ माँ गंगा पूजन व महाआरती का आयोजन।*

ब्रेकिंग न्यूज़ :

* गंगा दशहरा पर्व पर दुलही तालाब में हुआ माँ गंगा पूजन व महाआरती का आयोजन।*

 


0* सरोवर धरोहर सुरक्षा समिति का आयोजन*






सूरजपुर। गंगा दशहरा के पावन पर्व पर गुरुवार को यहां दुलही तालाब में परम्परा के अनुसार मोक्षदायिनी मां गंगा की पूजन एवं भव्य आरती का आयोजन किया गया। रंगबिरंगी रौशनी से नाम के अनुरूप दुल्हन की तरह सजे दुलही तालाब के तट पर उक्त धार्मिक आयोजन में शामिल होने बड़ी संख्या में शहर के लोग पहुंचे थे। जहाँ गुरुवार की शाम को ब्राह्मणों द्वारा किये धार्मिक मंत्रोचार के बीच विधि विधान से मां गंगा का पूजन व महाआरती की गई। आयोजन को लेकर पँचमन्दिर स्थित दुलही तालाब में सरोवर धरोहर सुरक्षा समिति के द्वारा व्यापक इंतजाम किये गए थे। कार्यक्रम से पूर्व ही बड़ी संख्या में लोगो के पहुंचने का सिलसिला प्रारम्भ हो गया था। सायं 5 बजे से तालाब परिसर में भजन संध्या का आयोजन हुआ जिसमें कृष्णचन्द्र पूरी एवं उनकी टीम के द्वारा मनभावन भजनों की शानदार प्रस्तुति दी गई। ततपश्चात सायं 7 बजे से बड़ी संख्या में महिलाओं ने दीपदान किया। दिए की जगमगाती रोशनी से तालाब परिसर जगमगाने लगा। ततपश्चात पंडित राजेश दुबे बबलू महाराज व उनकी टीम द्वारा संगीतयमय वातावरण में धार्मिक मंत्रोच्चारण के बीच विधी विधान से मोक्षदायिनी माँ गंगा का पूजन ओर बनारस की गंगा आरती के तर्ज पर महाआरती कराई गई।


 धार्मिक मंत्रोच्चार से समूचा तट गुंजायमान रहा। जिसके बाद प्रसाद वितरण व भंडारा प्रारम्भ हुआ बड़ी संख्या में लोगो ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। ज्ञात हो कि सरोवरों की सुरक्षा व स्वच्छता का बीड़ा उठाने वाली संस्था सरोवर धरोहर सुरक्षा समिति के द्वारा सरोवरों के महत्व व उनके संरक्षण की दिशा में लगातार लोगो को जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है। जिससे हमारी यह धार्मिक धरोहरें सुरक्षित हो सकें। जिसको लेकर विगत 4 वर्षों से समिति के द्वारा नगर पालिका एवं जनसहयोग से गंगा दशहरा पर गंगा पूजन व महाआरती का आयोजन किया जा रहा है। जिसमे बड़ी संख्या में लोग उत्साह से शामिल हो रहे है ओर आयोजन अब भव्य होता जा रहा। आयोजन को सफल बनाने में सरोवर धरोहर सुरक्षा समिति के अध्यक्ष चंचलेश श्रीवास्तव, वार्ड पार्षद मुकेश गर्ग व प्यारेलाल साहू, कन्हैया लाल अग्रवाल, भोला साहू, आशीष गुप्ता, पूनम गर्ग, आशिक सोनी, स्पर्श श्रीवास्तव, राकेश जायसवाल, सहित समिति के सदस्य सक्रिय रहे। जबकि नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती कुसुमलता राजवाड़े, सुरेंद्र राजवाड़े, सीएमओ प्रभाकर शुक्ला, बसंत जायसवालआदि कार्यक्रम में उपस्थित रहे।


*पुलिस प्रशासन व नगरसेना कि टीम का रहा सराहनीय योगदान*


आयोजन के दौरान उमड़ने वाली भीड़ व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस, यातायात व नगर सेना के डीडीआरएफ की टीम समूचे आयोजन में सक्रिय रही। जिला सेनानी संजय गुप्ता के मार्गदर्शन में डीडीआरएफ के टीम प्रभारी बीरबल गुप्ता, बृज बिहारी गुप्ता, कृष्ण सिंह, शिवनारायण, शिव प्रताप मार्को, देवनारायण, हंस लाल, त्रिनेत्र व अशोक अपने पूरे सुरक्षा के साजो सामान के साथ आयोजन स्थल पर तैनात रहे। वहीं यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने यातायात प्रभारी बिरजू पांडेय की टीम एवं महिला पुलिस सक्रिय रही।


 * जलाए गए आँटे के दिए*


आयोजन के दौरान स्वच्छता का ध्यान रखते हुए विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी तालाब परिसर में आटे से निर्मित दीये जलाने का समिति ने निर्णय लेते हुए सभी से आग्रह किया था। जिस पर पूरी तरह अमल करते हुए महिलाओं द्वारा अपने अपने घर से आंटे से दिया बनाकर दीपदान के लिए लाया गया था। आपको बता दें कि धार्मिकता के साथ दुलही तालाब रंग-बिरंगी मछलियों के लिए भी जाना जाता है। यहां बड़े पैमाने पर मछलियां हैं जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग मछलियों को दाना देकर अपनी धार्मिक परंपरा का निर्वहन भी करते हैं। तालाब परिसर की स्वच्छता व मछलियों को ध्यान में रखते हुए तालाब परिसर में आटे का दीया जलाने का निर्णय आयोजन समिति द्वारा लिया गया था। ताकि आयोजन के बाद दीयों का उपयोग मछलियों के भोजन के रूप में हो सके और परिसर भी स्वच्छ रहे। समिति की अपील का सम्मान करते हुए महिलाओं ने आंटे का दिया प्रज्ववलित किया जिसे बाद में तालाब में प्रवाहित कर दिया गया जो मछलियों का आहार बना।


"
"