अम्बिकापुर/उदयपुर। ग्रामीण युवाओं को खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने और प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत परसा में परसा सुपर लीग (PSL) सीजन 2.0 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। शहीद वीर नारायण खेल मैदान, परसा में 4 नवम्बर को प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (आरआरवीयूएनएल) एवं युवा क्रिकेट क्लब, ग्राम पंचायत परसा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह टूर्नामेंट 4 से 20 नवम्बर 2026 तक चलेगा, जिसमें क्षेत्र की 14 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
परसा सुपर लीग की शुरुआत वर्ष 2025 में हुई थी। पहले सीजन में 8 टीमों ने भाग लिया था, जबकि इस वर्ष टीमों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। प्रतियोगिता में 25 गांवों के कुल 196 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जो ग्रामीण क्षेत्र में खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह को दर्शाता है।
टूर्नामेंट की सबसे बड़ी विशेषता इसका आईपीएल की तर्ज पर आयोजन है। प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों का चयन ऑक्शन प्रक्रिया के माध्यम से किया गया, जिसमें 14 टीम मालिकों ने अपनी-अपनी टीमों के लिए खिलाड़ियों की बोली लगाकर चयन किया। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ पेशेवर क्रिकेट प्रतियोगिताओं जैसा अनुभव प्राप्त हो रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह के आईपीएल मॉडल आधारित आयोजन को एक नई पहल के रूप में देखा जा रहा है।
प्रतियोगिता में गोंडवाना स्ट्राइक फोर्स, ब्लैक डायमंड, सरपंच 11, चैंपियन 11, नायक वॉरियर्स, प्रेम नगर वॉरियर्स, प्रियांश 11 जोधपुर, माफिया 11 बिनकरा, विकेट वॉरियर्स, ब्लैक पैंथर्स, जीवी स्टार 11, योगी 11, बुल चैंप्स सहित कुल 14 टीमें भाग ले रही हैं। मैचों की लाइव स्कोरिंग क्रिकहीरोज (CricHeroes) प्लेटफॉर्म के माध्यम से की जा रही है, जिससे खिलाड़ी और खेल प्रेमी प्रतियोगिता की जानकारी ऑनलाइन भी प्राप्त कर सकते हैं।
उद्घाटन समारोह में क्लस्टर हेड, एचआर हेड, आरआरवीयूएनएल के श्री माणिकचंद्र बाला एवं श्री पवन ओझा, पीईकेबी माइंस मैनेजर, ग्राम पंचायत परसा के सरपंच श्री तुलसी मनोहर उईके, उपसरपंच श्री उमाशंकर यादव तथा पूर्व उपसरपंच श्री गणेश यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
उद्घाटन मैच के दौरान लगभग 500 खेल प्रेमी और ग्रामीण मैदान में उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के लिए जर्सी, अंपायरिंग, ट्रॉफी एवं अन्य आवश्यक खेल व्यवस्थाएं की गई हैं। विजेता और उपविजेता टीमों को शील्ड प्रदान की जाएगी। साथ ही मैन ऑफ द मैच, बेस्ट बैट्समैन और बेस्ट बॉलर जैसे व्यक्तिगत पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत के युवा खिलाड़ी, खेल प्रेमी ग्रामीण एवं एआरपीएल के कर्मचारी भी उपस्थित रहे। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। यह आयोजन युवाओं को अनुशासन, टीम वर्क और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर प्रदान कर रहा है तथा ग्रामीण क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा दे रहा है।
आयोजकों ने क्षेत्र के खेल प्रेमियों एवं ग्रामीणों से अपील की है कि वे 20 नवम्बर तक शहीद वीर नारायण खेल मैदान, परसा पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग दें। ग्रामीण प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में यह आयोजन एक सार्थक पहल साबित हो रहा है।





















