सूरजपुर। सूरजपुर कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने कबीरदास कलेक्टर के अमर्यादित व्यवहार के खिलाफ माननीय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, माननीय मंत्री राजस्व टंक राम वर्मा,माननीय मुख्य सचिव छत्तीसगढ़ शासन को ज्ञापन सौंप कार्यवाही की मांग की।
गौरतलब है कि कबीरधाम कलेक्टर गोपाल वर्मा ने बीते दिनों कार्यालय खुलने के समय सरकारी कार्यालय और संस्थाओं का औचक निरीक्षण किया था। इसी क्रम में वह सुबह 10 बजे जिला पंचायत कार्यालय पहुंचे थे। यहां कार्यालय के मेन गेट पर कलेक्टर हाजिरी रजिस्टर लेकर बैठ गए थे। देर से आने वाले कर्मचारियों को गेट पर ही रोक दिया। यहां उन्होंने कर्मचारियों को कान पड़कर उठक-बैठक लगवाया और माफी मंगवाई थी। जिसका वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर जमकर वायरल हुआ था। कलेक्टर ने देर से कार्यालय पहुंचने वाले 42 कर्मचारियों को नोटिस भी जारी किया था।जिला संयोजक डॉ आर.इस.सिंह ने उक्ताशय की जानकारी देते हुए बताया कि कलेक्टर महोदय का व्यवहार अनुचित व अशोभनीय है। फेडरेशन इसकी कड़ी निंदा करता है,साथ ही शासन से मांग करते हैं कि ऐसे बेलगाम अधिकारियों को सख्त से सख्त कार्यवाही की जाए,कार्यवाही नहीं होने पर फेडरेशन उग्र आंदोलन करने हेतु बाध्य होगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला संयोजक डॉ. आर. एस. सिंह, महासचिव एवं जिला अध्यक्ष छत्तीसगढ़ प्रदेश लिपिक वर्ग शासकीय कर्मचारी इकबाल अंसारी, प्रदेश महामंत्री धीरेन्द्र उपाध्याय, जिला अध्यक्ष छ. ग. प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ मनीष दीपक साहू, राधेश्याम साहू, संदीप गुप्ता, अनुरंजन सिंहदेव, प्रदीप सिंह, महेश पैंकरा, सीडा अध्यक्ष डॉ राजेश पैंकरा, डॉ दीपक मरकाम, ज्योति साधना श्रीवास्तव, आशीष पाण्डेय, शैलेंद्र सिंह, सुनील कुमार उइके, विकास कुशवाहा, महेंद्र शांडिल्य, कुलदीप पैंकरा एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।




















